हरपुर खुर्द के युवक की दर्दनाक मौत, शादी को हुआ था सिर्फ एक साल, परिवार में मचा कोहराम
मिठौरा (महराजगंज)। चौक थाना क्षेत्र के हरपुर खुर्द गांव में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। 26 वर्षीय केशव यादव की बाइक बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, केशव यादव पुत्र श्रीकांत यादव किसी आवश्यक कार्य से मिठौरा जा रहे थे। मधुबनी गैस एजेंसी के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। केशव लुधियाना में सिलाई का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी।
सबसे मार्मिक बात यह रही कि वह गुरुवार को ही अपनी पत्नी के साथ लुधियाना से गांव लौटे थे और अगले ही दिन सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। इस घटना से पूरे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।





