15 दिन बाद भी नहीं पकड़े गए चोर, बेटी के जेवर चोरी होने से मायके और ससुराल में कलह
महोबा। शहर में बडीहाट मुहाल में एक पखवाड़ा पूर्व हुई लाखों रुपये के आभूषण और करीब 60 हजार रुपये चोरी का खुलासा न होने से पीड़ित अधिकारियों की चैखट के चक्कर काट रहा है, बावजूद इसके उसे इंसाफ नहीं मिला। पीड़ित का आरोप है कि चोरी की वारदात करने वाले चोर का घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस को देने के बाद भी घटना का खुलासा नहीं हो सका। पीडित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर चोरी किए गए जेवर व नकदी दिलाए जाने की मांग की है।
शहर के मोहल्ला बड़ीहाट निवासी शारदा प्रसाद साहू ने दिए शिकायती पत्र में बताया कि 15 जुलाई की रात चोरों ने उसके सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी के लॉकर से नकदी और उनकी बेटी की शादी के लिए रखे सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध चोर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है और वह वीडियो फुटेज जांच अधिकारी को सौंपी गई थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक न तो चोर पकड़ा गया है और न ही चोरी का माल बरामद हुआ है। पीड़ित का कहना है कि जब भी वह थाने या विवेचक के पास जाते हैं, तो उन्हें पुलिस बल की कमी का बहाना बनाकर लौटा दिया जाता है।
पीडित ने बताया कि अन्रू अधिकारियों तक फरियाद पहुंचाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटक रहा है। इस चोरी से परिवार को न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि मानसिक रूप से भी गहरा आघात लगा है। पीड़ित की विवाहित बेटी प्रसव के लिए मायके आई हुई थी, जिसका सारा जेवर चोरी हो गया, जिससे अब उसकी ससुराल में कलह मची हुई है। लगातार मिल रही उपेक्षा और मानसिक दबाव के चलते वह गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं और अस्पताल में भर्ती होकर उपचार भी कराना पड़ रहा है। परिवार को आशंका है कि समय बीतने के साथ चोर जेवर गलाकर सबूत मिटा सकते हैं। पीडित ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।





