जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला एवं उसकी 14 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा सुरहुरपुर-जलालपुर मार्ग पर चौबे का पूरा (बड़ागांव) के समीप उस समय हुआ, जब दोनों ई-रिक्शे से जलालपुर चिकित्सक को दिखाने आ रही थीं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुआवां जमालपुर निवासी प्रतिमा यादव (लगभग 40 वर्ष) अपनी पुत्री आरुषि यादव (लगभग 14 वर्ष) के साथ जलालपुर इलाज के लिए ई-रिक्शे से आ रही थीं। जैसे ही ई-रिक्शा चौबे का पूरा (बड़ागांव) के पास पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में प्रतिमा यादव ई-रिक्शे की चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं उनकी पुत्री आरुषि यादव के पैर में भी गंभीर चोट लगी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने पर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर में तैनात चिकित्सक डॉ. वेद प्रकाश ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के दौरान उनके सहयोगी फार्मासिस्ट सुरेंद्र शर्मा ने भी आवश्यक चिकित्सकीय सहायता प्रदान की। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरुषि यादव का भी उपचार कर आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी में भेजा गया।
इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने सड़क पर सुरक्षित यातायात और ई-रिक्शा चालकों से सावधानी बरतने की अपील की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य नहीं होता, तो हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था। फिलहाल दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।





