भारतीय पैरा बैडमिंटन की युगल जोड़ी प्रेम कुमार अले और अबू हुबैदा ने 5वें एशियन पैरा गेम्स 2026 के लिए आधिकारिक रूप से क्वालिफाई कर लिया है।
लखनऊ। भारतीय पैरा बैडमिंटन के व्हीलचेयर वर्ग (डब्ल्यूएच1-डब्ल्यूएच-2) की चर्चित युगल जोड़ी प्रेम कुमार अले एवं अबू हुबैदा ने 5वें एशियन पैरा गेम्स 2026 (ऐची-नागोया, जापान) के लिए आधिकारिक रूप से क्वालिफाई कर भारत की पदक उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है।
बैडमिंटन एशिया की ओर से जारी आधिकारिक आमंत्रण सूची में दोनों खिलाड़ियों के नाम शामिल किए गए हैं। यह भारतीय जोड़ी एशिया के सबसे बड़े पैरा खेल महाकुंभ में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
अबू हुबैदा ने जून 2026 में आयोजित बाबोलैट फ्रेंच पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल 2026 (मुलहाउस, फ्रांस) में मिश्रित युगल वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया।
इसके तुरंत बाद ब्रिटिश और आयरिश पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल 2026 (डबलिन, आयरलैंड) में भी उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम कर लगातार दो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में पदक जीतने का गौरव हासिल किया। वे अपने युगल साथी प्रेम कुमार अले के साथ लगातार पांच वर्षों से राष्ट्रीय चैंपियन बने हुए हैं।
हाल ही में आयोजित 7वीं राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 (हैदराबाद) में इस जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीतकर लगातार पांचवीं बार राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया।





