गोण्डा। उमरीबेगमगंज थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को उसके घर से बेलई जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, थाना परसपुर क्षेत्र के खैरा निवासी मिसरीलाल पासी ने उमरीबेगमगंज थाने में तहरीर देकर बताया था कि उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह 21 फरवरी 2021 को डिक्सिर निवासी उपेन्द्र कुमार पासी के साथ किया था।
आरोप है कि विवाह के बाद पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में सोने की चेन और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उनकी पुत्री का लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते थे। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 20 जुलाई 2026 को दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर उमरीबेगमगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।मंगलवार को उमरीबेगमगंज पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी उपेन्द्र कुमार पासी को गिरफ्तार किया गया।





