अफसरों और ठेकेदार को फटकार: 15 दिनों में कमियां दुरुस्त करने के निर्देश, खंडहर भवन में पढ़ रहीं छात्राओं को जल्द मिलेगी नई इमारत
महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने शनिवार को नवनिर्मित राजकीय बालिका इंटर कालेज कुलपहाड़ का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने निरीक्षण करते हुए कालेज में कराए गए कार्य को बारीकी से देखा अैर कमियां पाए जाने पर अवर अभियंता और संबन्धित ठेकेदार को कमियों को 15 दिनों में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज के निर्माणाधीन इमारत का जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान डीएम ने कक्षाओं के अलावा कार्यालय, शौचालय आदि को देखा और निर्माण कार्य में जो कमियां पाईं गई, उसे मौके पर उपस्थित अवर अभियंता व ठेकेदार से 15 दिन में दुरूस्त कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कालेज परिसर में घूमते हुए बाउंड्रीवाल गेट व अन्य कराए गए कार्यों को देखा। उन्होंने आश्वासन दिया कि कार्य पूर्ण होते ही जल्द से जल्द नये भवन में कक्षा संचालित की जाएंगी, जिससे बेहतर और सुरक्षित वातावरण में छात्राएं शिक्षण ग्रहण करेगी।
गौरतलब है कि 1998 से नगर के एक पुराने खंडहर भवन में राजकीय बालिका इंटर कालेज संचालित है, जिसमें कुछ सालों तक 300 से ऊपर छात्रों की संख्या हुआ करती थी, लेकिन भवन खंडहर में तब्दील होते हुए छात्राओं की संख्या धीरे धीरे घटकर वर्तमान में मात्र 25 छात्राएं ही शिक्षा ग्रहण कर रही है।
क्षेत्र वासियों की शिकायत पर अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए बालिकाओं को बेहतर इमारत में शिक्षा दिए जाने को लेकर राजकीय बालिका इंटर कालेज की नई इमरात बनाने के निर्देश दिए थे, जिस पर कार्यदायी संस्था ने कालेज निर्माण कर इमारत को लगभग तैयार कर लिया है। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेमचंद यादव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, समाज कल्याण अधिकारी शशिकांत सिंह सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।





