नगर पंचायत बढ़नी में कार्यरत कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी गजट को नगर पंचायत कार्यालय में नगर अध्यक्ष सुनील अग्रहरि को सौंपते हुए वेतन में वृद्धि किए जाने की मांग की, जिस पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने शासन की मंशानुरूप कर्मचारियों के हित में सरकार द्वारा वेतन वृद्धि के फैसले को सराहनीय कदम बताया है। अध्यक्ष सुनील अग्रहरी ने बताया कि कार्यालय में कर्मचारियों द्वारा उत्तर प्रदेश शासन का नया गजट सौंपा गया, जिसमें भौगोलिक श्रेणियों के आधार पर न्यूनतम वेतन में वृद्धि के निर्देश हैं।
उन्होंने कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल प्रभाव से इसे स्वीकार कर लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कागजी कार्यवाही जल्द पूरी की जाए ताकि कर्मचारियों को बढ़ी हुई तनख्वाह का लाभ बिना किसी देरी के मिल सके। अध्यक्ष ने कहा कि कर्मचारी नगर पंचायत की रीढ़ हैं और उन्हें शासन की मंशानुरूप समय पर हक मिलना चाहिए। इस फैसले से नगर पंचायत के समस्त कर्मचारियों में हर्ष की लहर है और उन्होंने शासन व अध्यक्ष का आभार जताया है।





