एक पेड़ माँ के नाम अभियान: अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने का पूर्व मंत्री ने किया आह्वान
सिद्धार्थनगर। रविवार को बुड्ढी ख़ास में वन विभाग द्वारा आयोजित वन महोत्सव के अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नेता डॉ. सतीश द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित क्षेत्रवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया तथा सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया वन्देमातरम विभाग के अधिकारियों ने मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री डॉ सतीश द्विवेदी का स्वागत करते हुए वन महोत्सव के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और बताया कि पर्यावरण संरक्षण तथा हरित आवरण बढ़ाने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
मुख्य अतिथि डॉ. सतीश द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और संतुलित पर्यावरण के लिए पेड़ों का होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित होकर चलाया जा रहा एक पेड़ माँ के नाम अभियान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक नागरिक इस संकल्प को अपनाए तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि पौधारोपण को केवल सरकारी कार्यक्रम न समझें, बल्कि इसे जन आंदोलन बनाएं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने परिवार की देखभाल करते हैं, उसी प्रकार लगाए गए पौधों की भी नियमित देखभाल करनी चाहिए ताकि वे विकसित होकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायी बन सकें। कार्यक्रम के दौरान डॉ. द्विवेदी ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत स्वयं पौधारोपण किया। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों को उपहार स्वरूप एक-एक पौधा भेंट कर उन्हें अपने घर, विद्यालय, खेत अथवा सार्वजनिक स्थान पर लगाने और उसकी सुरक्षा का संकल्प दिलाया। इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का भरोसा जताया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन महोत्सव के दौरान क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना तथा हरित क्षेत्र का विस्तार करना है। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बिस्कोहर अजय गुप्ता, मंडल अध्यक्ष कन्हैया विश्वकर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपनारायन त्रिपाठी, गुड्डू यादव, रामनरेश पासवान, प्रमोद पाण्डेय, गुज्जर यादव, रामफेर पंडित, वेदप्रकाश पाण्डेय, विनोद मिश्रा, पिंटू आर्य, लक्ष्मण मौर्या, विनोद विश्वकर्मा, राजेश पाण्डेय, जयप्रकाश मिश्रा, रामनिवास चौधरी, अशोक पाण्डेय, राममुरत शर्मा, राजू यादव, जीतू यादव, दुर्गादीन यादव, विकास मिश्रा व राजमन चौधरी सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।





