बढ़नी सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बढ़नी स्थित युग कृष्णा गैस एजेंसी उपभोक्ताओं की समस्या कम होने का नाम नही ले रहा है। उक्त समस्या को लेकर सांसद विधायक सहित क्षेत्र का कोई भी जनप्रतिनिधि या जिम्मेदार अधिकारी कोई पहल करता हुआ नजर नही आ रहा है। और ना ही कुछ बोलने को तैयार है। सूत्रों की मानें तो शायद बढ़नी क्षेत्र की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है और आम जनता को सिर्फ चुनाव के दौरान ही याद किया जाता है। उनकी समस्याओं से किसी को कोई लेना देना नही है।
वहीं एजेंसी संचालक विगत कई माह से सिर्फ सोशल मीडिया पर आश्वासन दे रहे हैं कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जायेगा। जबकि ऐसा कुछ होता नजर नही आ रहा है। कोई व्यक्ति एजेंसी संचालक या मैनेजर से बात करना चाहे तो ज्यादातर समय मोबाइल स्विच ऑफ ही बताता रहता है। लोगों के मुताबिक कर्मचारियों और ब्लैकरो के बीच आपसी सांठगांठ के माध्यम से गैस सिलेंडर का धंधा जोरों पर चल रहा है।
वहीं ज्यादा हो हल्ला मचने पर कर्मचारियों का फेरबदल कर दिया जाता है। और बदनाम कर्मचारियों को हटाकर नये नये चेहरे सामने आते रहते हैं। जबकि ऐसे कर्मचारियों के पास ना तो कोई आईडी कार्ड होता है और ना ही कोई वर्दी या पहचान होता है। नाम न छापने की शर्त पर उपभोक्ताओं का कहना है कि आनलाइन बुकिंग के बाद एजेंसी द्वारा डी ए सी लेकर एक पर्ची दे दिया जाता है। और मोबाइल पर डिलीवर का मैसेज आ जाता है।
बाद में होम डिलीवरी के नाम पर अपनी मनमर्जी से वितरण किया जाता है। बाद में पर्ची को ही फर्जी बताकर पलड़ा झाड़ लिया जाता है। गैस सिलेंडर की गाड़ी आते ही लोगों की भारी भीड़ जुट जाती है और सिलेंडर नही मिलने पर लोग खाली सिलेंडर लेकर गाड़ी के पीछे पीछे भागते हुए नजर आते हैं। कुछ लोग नगर में घूम घूम कर गाड़ी खोजते रहते हैं।
इस प्रकार से लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नही ले रही है और समस्या का कोई स्थाई समाधान होता नजर नही आ रहा है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि निर्धारित दर से कुछ एक्स्ट्रा पैसे देने पर पर्ची लेकर गैस सिलेंडर दे दिया जाता है। जबकि मोबाइल पर होम डिलीवरी चार्ज सहित 1021का मैसेज आता है।
उक्त संबंध में एजेंसी संचालक के मोबाइल नंबर पर सम्पर्क करने पर स्वीच ऑफ बता रहा था, जिससे कोई जानकारी नही मिली।





