जिले के शुक्लागंज में 26वीं श्रीमद् जगन्नाथ भगवान रथ यात्रा 16 जुलाई को भव्य रूप से निकाली जाएगी। यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को डीएसएम पब्लिक स्कूल में श्रीमद् जगन्नाथ भगवान रथ यात्रा समिति की क्षेत्रीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, अनुशासित और भव्य बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष वीरेंद्र शुक्ला ने की, जबकि संचालन महामंत्री अंजनी कुमार अग्निहोत्री ने किया। इस दौरान आशुतोष शुक्ला, कोषाध्यक्ष प्रदीप शुक्ला सहित समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
समिति अध्यक्ष वीरेंद्र शुक्ला ने बताया कि पिछले 25 वर्षों से यह रथ यात्रा क्षेत्र की धार्मिक पहचान बनी हुई है। इस वर्ष आयोजित होने वाली 26वीं यात्रा को पहले से अधिक आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि तैयारियां अंतिम चरण में हैं और विभिन्न समितियों का गठन कर सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं।रथ यात्रा मां बालेश्वरी स्मृति भवन (गिरधर ज्वेलर्स), नेहरू नगर से प्रारंभ होकर अंबिका मार्ग, अंबिका प्रसाद स्कूल, राजधानी बाग, गंगाघाट मुख्य मार्ग, पोनी रोड, लकी गारमेंट और मिश्रा कॉलोनी होते हुए राजधानी मार्ग स्थित कमल ज्वेलर्स पर संपन्न होगी।यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा, जलपान और अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी।
इस वर्ष रथ यात्रा में सात सुसज्जित बग्गियां, एक ट्रॉला और दो से तीन साउंड ट्रॉलियां शामिल होंगी। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का संदेश देंगी। भजन-कीर्तन, संकीर्तन और जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। बैठक में यात्रा मार्ग की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वयंसेवकों की तैनाती, चिकित्सा सहायता, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और प्रशासनिक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने संकल्प लिया कि रथ यात्रा को पूरी गरिमा, श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाएगा।





