वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय जांच शुरू”
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना स्थित ताज होटल पर बिरयानी के भुगतान को लेकर हुए विवाद में पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है। होटल संचालक द्वारा यूपी-112 (पीआरवी) के पुलिसकर्मियों पर बिरयानी खाने के बाद भुगतान न करने और पैसा मांगने पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर डायल-112 में तैनात दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मामले में शामिल होमगार्ड के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट को रिपोर्ट भेज दी गई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी तथा जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस विभाग की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, वायरल वीडियो की भी जांच के दौरान पड़ताल की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ सके।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उक्त वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर तत्काल जांच कराई गई। जांच में अनुशासनहीनता एवं पुलिस आचरण नियमावली के उल्लंघन की पुष्टि होने पर दो पुलिस कर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है तथा संबंधित होमगार्ड के विरुद्ध कार्रवाई हेतु जिला कमांडेंट होमगार्ड को रिपोर्ट प्रेषित की गई है।





