पुलिस लाइन का सघन निरीक्षण; परिवहन शाखा, मेस और कैंटीन की जांची गुणवत्ता, दिए निर्देश
पुलिस कर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहने के लिए किया प्रेरित, दिए बेहतर पुलिसिंग के मंत्र
महोबा। पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह के निर्देशन में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक महोबा, वंदना सिंह द्वारा पुलिस लाइन, महोबा में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ग्रहण की गई। तत्पश्चात उनके द्वारा परेड का विधिवत निरीक्षण किया गया तथा पुलिस कर्मियों से सुदृढ़, सुसंगठित एवं अनुशासित परेड कराई गई।
परेड के दौरान उन्होंने उपस्थित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सदैव सक्षम रहने के लिए प्रेरित किया तथा इसी क्रम में जवानों की दौड़ भी कराई गई, जिससे उनमें कार्य के प्रति उत्साह एवं ऊर्जा का संचार बना रहे।
परेड उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण करते हुए परिवहन शाखा, मेस, कैंटीन एवं आरओ प्लांट का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का आंकलन करते हुए संबंधित प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त क्वार्टर गार्ड एवं आदेश कक्ष का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों/रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन किया गया तथा अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त पुलिस कर्मियों को उच्च कोटि का अनुशासन बनाए रखने, कर्तव्य के प्रति सजग रहने तथा बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।





