महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘जल जीवन मिशन’ के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेयजल योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की शिवहर, धवर्रा-सिजवाहा, लहचूरा-काशीपुरा, सलइया नथुपुरा और कबरई ग्राम समूह पेयजल योजनाओं के कार्यों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान धवर्रा-सिजवाहा योजना की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित प्रोजेक्ट मैनेजर को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जल्द से जल्द अतिरिक्त मैन पावर और मशीनरी लगाकर सड़कों की मरम्मत (रोड रेस्टोरेशन/पैच वर्क) का काम पूरा करें और हर गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें। ऐसा न होने पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ सीधे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजरों को आदेश दिया कि ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पानी की नियमित सप्लाई में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी ताकि ग्रामीणों को योजना का पूरा लाभ मिल सके।
जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर पेयजल से जुड़ी लंबित शिकायतों और जनता से मिल रहे असंतुष्ट फीडबैक पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी संबंधित संस्थाओं को फटकार लगाते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण/नगरीय) महोबा व हमीरपुर, टीपीआई सेंसिस महोबा और संबंधित फर्मों के प्रोजेक्ट मैनेजर मौजूद रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की किल्लत या पाइपलाइन संबंधी समस्या के लिए नागरिक नीचे दिए गए नंबर पर संपर्क कर सकते हैं:
कंट्रोल रूम नंबर: 05281-298431





