नशा मुक्त भारत सप्ताह अंतर्गत किया गया विविध कार्यक्रमों का आयोजन
सिद्धार्थनगर। सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार से स्वीकृत कमला जन कल्याण सेवा संस्थान एवं शिक्षा प्रसार समिति द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र डीडीएसी सेंटर, बाल्मीकि नगर थरौली, जनपद सिद्धार्थनगर के द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान, विकसित भारत की पहचान अंतर्गत 17 से 26 जून तक जन जागरण अभियान, नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत ग्रामीण अंचलों एवं चौराहों पर पत्रक का वितरण एवं 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नशा मुक्ति केंद्र पर योग कार्यक्रम, शिक्षण संस्थानों में हस्ताक्षर अभियान, शपथ ग्रहण, विद्यालय में गोष्ठी एवं गांव में रैली निकाली गई।
समिति के प्रबंधन मंत्री देशबन्धु शुक्ल ने कहा कि नशा केवल एक पीढ़ी को नहीं तबाह करता है, बल्कि पीढ़ी दर पीढ़ी परिवार पर इसका बड़ा ही नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। परिवार पूरा विखंडित हो जाता है। धीरे-धीरे जनधन के साथ-साथ व्यक्ति का पूरा शरीर संपूर्ण रोगों का शिकार हो जाता है और अंत में वह मृत्यु को प्राप्त कर लेता है। श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा यह संकल्प लिया गया है कि पूरे उत्तर प्रदेश को नशा मुक्त उत्तर प्रदेश बनाना है।
देशबंधु शुक्ल ने बताया कि जनपद के युवा और सरकारी कार्यालय के अधिकारियों कर्मचारियों ने शपथ लिया कि हम जनपद सिद्धार्थनगर को नशा मुक्त बनाएंगे और जनपद के सभी मित्रों के घर में खुशहाली लायेंगें। आगे उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद उमावि वर्डपुर, एवं मुख्यालय स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में देशबंधु शुक्ला सहित दीपक कुमार, सतीश निषाद, अनिता कुमारी, नीतू, सौरभ कुमार शुक्ला व गौरव शुक्ला आदि लोगों की उल्लेखनीय भूमिका रही।





