कैडेटों ने अनुशासन, समन्वय एवं शारीरिक दक्षता का किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
सिद्धार्थनगर। संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 156 का आयोजन सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल करौंदा मसिना में किया गया। तृतीय दिवस का शुभारंभ प्रातःकालीन ड्रिल एवं शारीरिक प्रशिक्षण के साथ हुआ। प्रशिक्षकों के कुशल निर्देशन में कैडेटों ने अनुशासन, समन्वय एवं शारीरिक दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया ।
इसके अलावा कैडेटों को फायरिंग प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें हथियारों के सुरक्षित संचालन, लक्ष्य भेदन एवं निशानेबाजी की बारीकियों से अवगत कराया गया।
शुक्रवार को विभिन्न विषयों पर केंद्रीय व्याख्यान आयोजित किए गए, जिनमें नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, राष्ट्रीय एकता, आपदा प्रबंधन तथा एनसीसी के मूल्यों पर विशेषज्ञों ने कैडेटों का मार्गदर्शन किया।
शिविर में गोरखपुर पुलिस के तत्वावधान में साइबर टीम द्वारा आयोजित साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने कैडेटों को ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड, डिजिटल भुगतान की सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।
कैडेटों में टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता के सामूहिक समन्वय को विकसित करने के उद्देश्य से रस्साकशी एवं टेंट पिचिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं में विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी शारीरिक क्षमता, रणनीति एवं टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।





