गोण्डा। जिलाधिकारी ने तहसील तरबगंज के सकरौर-भिखारीपुर तटबंध सहित बाढ़ संभावित क्षेत्रों सनौली मोहम्मदपुर, गोडियन पुरवा एवं ऐलीपरसौली का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा एवं बचाव तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंधों की स्थिति, संवेदनशील स्थलों और कटान प्रभावित क्षेत्रों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को बरसात से पूर्व सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमजोर स्थलों की पहचान कर मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य समय से कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकियों की स्थापना, राहत सामग्री, नावों की उपलब्धता, आपदा प्रबंधन उपकरणों तथा आपातकालीन कार्ययोजना की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।उन्होंने ग्रामीणों को बाढ़ संबंधी जोखिमों के प्रति जागरूक करने तथा राहत शिविर, पेयजल, खाद्यान्न, चिकित्सा एवं पशुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी , उपजिलाधिकारी तरबगंज , एक्सईएन बाढ़ खण्ड , जिला आपदा विशेषज्ञ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





