पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए सर्राफा व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शैलेन्द्र लाल तथा क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ हर्ष मोदी भी उपस्थित रहे।गोष्ठी के दौरान औरास थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यवसायी से हुई लूट की घटना के सफल अनावरण की जानकारी व्यापारियों को विस्तार से दी गई।
एसएसपी ने पुलिस द्वारा की गई जांच, अपराधियों की गिरफ्तारी तथा घटना के खुलासे के लिए किए गए प्रयासों से उपस्थित व्यापारियों को अवगत कराया।बैठक में सर्राफा व्यापारियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को गंभीरता से सुना गया। व्यापारियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
एसपी जय प्रकाश सिंह ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने का आग्रह किया, ताकि अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पुलिस-व्यापारी समन्वय से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा।





