मिठौरा (महराजगंज)। नगर पंचायत चौक के कटैया स्थित लिटिल एंजेल्स एकेडमी की प्रबंधक पूजा पाण्डेय ने कुछ लोगों पर विद्यालय की बाउंड्रीवॉल को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए थाना चौक में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा जेसीबी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली से विद्यालय की बाउंड्रीवॉल से सटी भूमि की खुदाई की गई, जिससे दीवार की नींव कमजोर हो गई और उसमें दरारें आ गई हैं। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि बरसात के मौसम में दीवार गिरने की आशंका है, जिससे विद्यालय भवन और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि मामले की सूचना डायल 112 पर भी दी गई थी। इसके बावजूद कथित रूप से खुदाई का कार्य जारी रहा। प्रबंधन ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई, हुए नुकसान का आकलन तथा क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।





