मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीओ सिटी को सौंपा, जनहित के मुद्दे उठाए
गोण्डा। आम आदमी पार्टी (आप) के जिला अध्यक्ष अजय कुमार मिश्र “अज्जू पंडित” के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन सीओ सिटी गोंडा आनंद कुमार राजी को सौंपा। ज्ञापन में अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में कथित चोरी की घटना की निष्पक्ष एवं समयबद्ध न्यायिक जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि श्रीराम मंदिर देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।
ऐसे में मंदिर परिसर से जुड़ी किसी भी घटना की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। पार्टी ने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने की भी मांग की है ताकि आमजन के बीच किसी प्रकार की भ्रांति न रहे। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी ने जनपद गोंडा की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में जिला चिकित्सालय सहित विभिन्न सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी, आवश्यक दवाओं की अनुपलब्धता, जांच सुविधाओं के अभाव तथा मरीजों को हो रही कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है।
जिला अध्यक्ष अजय कुमार मिश्र “अज्जू पंडित” ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि मुख्यमंत्री के गोंडा दौरे के दौरान उन्हें सीधे ज्ञापन सौंपा जाए, लेकिन प्रशासनिक अनुमति नहीं मिलने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि बाद में सीओ सिटी आनंद कुमार राय ने स्वयं पहुंचकर ज्ञापन प्राप्त किया। पार्टी ने उम्मीद जताई है कि सरकार ज्ञापन में उठाए गए आस्था और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जनजागरण अभियान चलाएगी।





