अमृत इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ
सिसवा बाजार(महाराजगंज)। ग्रामीण युवाओं को कृषि एवं ग्रामीण विकास से जोड़ने के उद्देश्य से आईपीएल फाउंडेशन, इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) शुगर मिल सिसवा बाजार एवं राइज फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में अमृत इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सिल्वर फिनिक्स बैंक्वेट हॉल में आयोजित ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में चयनित युवाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सिसवा चीनी मिल सहकारिता समिति के चेयरमैन संजय राव, गन्ना अनुसंधान केंद्र सेवरही के संयुक्त निदेशक डा. सुभाष सिंह, वैज्ञानिक सतेंद्र कुमार, आईपीएल शुगर मिल के गन्ना प्रमुख धीरज सिंह, प्रगतिशील किसान जितेंद्र बहादुर सिंह तथा राइज फाउंडेशन के सचिव अभय त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि संजय राव ने कहा कि कृषि क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है और यह कार्यक्रम युवाओं को खेती से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
वहीं डा. सुभाष सिंह ने वैज्ञानिक एवं आधुनिक खेती अपनाने पर बल देते हुए किसानों की आय बढ़ाने में नई तकनीकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। अमृत इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत चयनित 55 इंटर्न आगामी तीन माह तक किसानों के बीच कार्य करेंगे। इस दौरान उन्हें मृदा स्वास्थ्य, फसल प्रबंधन, जैविक खेती, जल संरक्षण, उन्नत कृषि तकनीकों और सरकारी कृषि योजनाओं की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक इंटर्न को 6,000 रुपये प्रतिमाह भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।





