आजमगढ़l जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र के इस्माईलपुर बरहती गांव निवासी रिपुशूदन गौतम ने अपने सगे भाई और उसके परिवार पर पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जा करने, घर का ताला तोड़कर सामान लूटने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से कर न्याय की मांग की है। शिकायत के अनुसार, गांव में स्थित मकान और जमीन पैतृक संपत्ति है, जिसमें रिपुशूदन गौतम का भी बराबर का कानूनी अधिकार है।
पीड़ित का कहना है कि लगभग 20 वर्ष पहले परिवार में बंटवारा हो चुका था, लेकिन रोजगार के सिलसिले में उनके दिल्ली चले जाने के दौरान उनके भाई त्रिभुवन गौतम ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उनके मकान का ताला तोड़ दिया और घर में रखा सामान कथित रूप से उठा लिया। आरोप है कि घर का फर्नीचर और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर बाहर फेंक दिया गया तथा पूरे मकान पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया।
रिपुशूदन गौतम का आरोप है कि जब उन्होंने अपने हिस्से और संपत्ति पर अधिकार की बात उठाई, तो विपक्षी पक्ष ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उन्होंने आशंका जताई है कि संपत्ति विवाद के चलते उनके और उनके परिवार के साथ किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने और उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की हैl





