सिंदुरिया (महराजगंज)। सिंदुरिया पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हारून पुत्र हिदायतुल्लाह (43 वर्ष), निवासी बभनौली, थाना भिटौली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे सेमरी गांव मोड़ स्थित पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 14 जून को बरवां सोनिया निवासी संजीव प्रजापति ने थाना सिंदुरिया में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि भेड़िया स्थित अतुल टूर एंड ट्रैवल्स नामक दुकान संचालित करने वाले हारून ने स्वयं को सेवायोजन विभाग महराजगंज का कर्मचारी बताया और कथित तौर पर विभाग का पहचान पत्र दिखाकर न्यूजीलैंड भेजने का झांसा दिया। शिकायतकर्ता और उसके चार अन्य दोस्तों ने विदेश भेजने के नाम पर हारून को अलग-अलग खातों के माध्यम से प्रति व्यक्ति 1 लाख 58 हजार रुपये दिए। आरोप है कि न तो उन्हें वीजा उपलब्ध कराया गया और न ही उनकी रकम वापस की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी द्वारा दिखाए गए सेवायोजन कार्यालय, महराजगंज के पहचान पत्र का सत्यापन कराया, जो फर्जी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के कब्जे से एक आईटेल मोबाइल फोन, सेवायोजन कार्यालय महराजगंज का फर्जी पहचान पत्र तथा 90 रुपये नकद बरामद किए गए। थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी ठगी और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव तथा कांस्टेबल रवि प्रकाश शामिल रहे।





