विरोध प्रदर्शन के बाद सपा ने कोतवाली में दी तहरीर,आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
महोबा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट किए जाने पर सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। जहां एक ओर पूरे उत्तर प्रदेश में सपाई प्रदर्शन कर पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे है। वहीं दूसरी ओर शुक्रवार को पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद और सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन के बाद सदर कोतवाली में कोतवाली प्रभारी को तहरीर सौंपकर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के चरित्र को लेकर बुलंदशहर निवासी ठाकुर सम्राट सिंह यदुवंशी नामक युवक ने फेसबुक पर विवादित पोस्ट किया था। इस आपत्तिजनक पोस्ट से नाराज सपा कार्यकर्ता पहले शहर के अंबेडकर पार्क में एकत्र हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर विरोध जातया। विरोध प्रदर्शन दौरान पूर्व मंत्री ने कहा कि दो दिनों से सोशल मीडिया पर कुछ लोग समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की पुत्री के विरुद्ध अमर्यादित एवं अनर्गल टिप्पणियां की जा रही हैं।
इस प्रकार की अवांछित टिप्पणियों को सोशल मीडिया पर डालकर शरारती तत्व उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि धूमिल करना चाहते हैं। सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी सुनियोजित षड्यंत्र के तहत की जा रही है जो आपराधिक कृत्य है। भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं का अपमान करने और मुद्दों को भटकाने में माहिर रही है। कहा कि जब अखिलेश यादव ने राम मंदिर में चढ़ावे के घोटाले की जांच की मांग उठाई, तो उससे बौखलाकर नेताओं के परिवार की बेटियों पर कीचड़ उछाला जा रहा है।
सपा जिलाध्यक्ष शोभलाल यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की बेटी के खिलाफ बेबुनियाद और ओछी टिप्पणी कर अफवाह फैलाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या के राम मंदिर में हुए चढ़ावे के कथित घपले के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए यह एक सोची समझी साजिश के तहत किया गया कृत्य है। इन अभद्र पोस्ट मुद्दे पर सपाईयों ने इसे राजनीतिक विरोध के नाम पर लोकतंत्र और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया है।
प्रदर्शन के बाद आक्रोशित कार्यकर्ता शहर कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने कोतवाली प्रभारी मनीष पांडे को तहरीर सौंपी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। समाजवादी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश में एक बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर सपा के वरिष्ठ हरि सिंह वर्मा, योगेश यादव योगी, शाहिद राजू, ताहिर अली, बाबू मंसूरी आदि लोग मौजूद रहे।





