HomeMarqueeऐतिहासिक रानी तालाब के जीर्णोद्धार की मांग, भाजपा नेता ने जिलाधिकारी को...

ऐतिहासिक रानी तालाब के जीर्णोद्धार की मांग, भाजपा नेता ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर (ईएमएस)। जनपद के विकास खंड हंसवा के हंसवा क़स्बा स्थित ऐतिहासिक रानी तालाब के संरक्षण, जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष (पिछड़ा मोर्चा) राजेश सिंह जनसेवक ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने तालाब की वर्तमान जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके पुनर्जीवन के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में राजेश सिंह ने बताया कि हंसवा स्थित रानी तालाब क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है, जिसका निर्माण वर्ष 1911 में रानी गोमती कुंवर द्वारा कराया गया था। यह तालाब न केवल क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान है बल्कि जल संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह ऐतिहासिक तालाब उपेक्षा का शिकार होकर सूख चुका है और जर्जर अवस्था में पहुंच गया है।

तालाब में भारी मात्रा में गाद भर जाने, घाटों के टूट-फूट जाने, साफ-सफाई के अभाव तथा सौंदर्यीकरण न होने के कारण इसकी ऐतिहासिक गरिमा लगातार प्रभावित हो रही है। यदि समय रहते इसके संरक्षण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह अमूल्य धरोहर नष्ट होने की कगार पर पहुंच सकती है। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की कि रानी तालाब का सर्वेक्षण कराकर उसका गहरीकरण कराया जाए, टूटे हुए घाटों का पुनर्निर्माण किया जाए, तालाब में जल भराव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा प्रकाश व्यवस्था, वृक्षारोपण और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएं।

साथ ही इसके संरक्षण एवं विकास के लिए आवश्यक बजट भी स्वीकृत किया जाए। राजेश सिंह ने कहा कि रानी तालाब का जीर्णोद्धार होने से जहां एक ओर क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत सुरक्षित रहेगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय नागरिकों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन की दृष्टि से भी लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रशासन से इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular