गोण्डा जनपद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को जिला पंचायत सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में माननीय विधायक सदर गोण्डा प्रतीक भूषण सिंह विधायक करनैलगंज अजय सिंह, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद तथा सांसद गोण्डा एवं केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मेधावियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं 21 हजार की सम्मान राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ये छात्र-छात्राएं जनपद का गौरव हैं तथा इनके उत्कृष्ट परिणाम अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बताया गया कि कुल 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिनमें से 7 विद्यार्थियों को लोकभवन, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री जी द्वारा सम्मान प्रदान किया गया तथा 14 विद्यार्थियों को जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में विधायक सदर गोण्डा प्रतीक भूषण सिंह, विधायक करनैलगंज अजय सिंह, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद तथा सांसद गोण्डा एवं केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र द्वारा सम्मानित किया गया। लोकभवन में सम्मानित होने वाले 7 विद्यार्थियों में 1 छात्र संस्कृति बोर्ड का तथा 6 छात्र-छात्राएं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के थे।
इस प्रकार जनपद के कुल 20 छात्र-छात्राएं यूपी बोर्ड से तथा 1 छात्र संस्कृति बोर्ड से सम्मानित हुए। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है तथा मेधावी विद्यार्थियों की सफलता से जनपद की शैक्षिक पहचान और अधिक मजबूत होगी। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राम चन्द्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, मंडलीय खेल सचिव स्वेता मिश्रा सहित शिक्षा विभाग के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना एवं उनके सम्मान के साथ किया गया।





