Saturday, May 30, 2026
spot_img
HomeMarqueeगोलीबारी कर होटल संचालक की हत्या

गोलीबारी कर होटल संचालक की हत्या

गाजीपुर। बाइक सवार चार नकाबपोश हमलावरों ने शुक्रवार की देर रात सदर कोतवाली क्षेत्र के गौसाबाद स्थित बिन्दु होटल के बाहर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर होटल संचालक विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया गया कि दो बाइकों पर सवार चार लोग रात करीब 11 बजे होटल गेट पर पहुंचे और सुरक्षा कर्मी शम्भू यादव से बीयर की मांग की। ऑनलाइन भुगतान की बात कही। गार्ड भुगतान की व्यवस्था के लिए जब होटल के अन्दर गया, उसी समय होटल संचालक विनीत राय भोजन करने के बाद अपने घर जाने के लिए होटल से बाहर निकले।

उनकी ताक में ही लगे घात लगाए हमलावरों ने उन पर करीब से फायर झोंक दिया। अचानक लगी गोलियों से वह लहुलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उसी दौरान हमलावरों ने गेट पर मौजूद सुरक्षा कर्मी को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन वह जान बचाकर होटल के भीतर भागने में सफल रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए दोनों बाइकों से फरार हो गये। मृतक विनीत राय पुत्र आलोक राय शहर के अष्टभुजी कॉलोनी के निवासी थे। उनकी हत्या से शहर में सनसनी फ़ैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटना की तहकीकात शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक बैभव कृषण तथा पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर हमलावरों पर कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया। वादी की तहरीर पर चार नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है। हमलावरों की गिरफ्तारी हेतु कई पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है। पुलिस हमलावरों की पहचान हेतु घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर संदिग्धों की पहचान के प्रयास में लगी हुई है।
जनचर्चा में यह वारदात पुरानी रंजिश व रंगदारी को लेकर होने की सम्भावना जताई जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular