“जनता की शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित करें” — जिलाधिकारी
हरदोई कलेक्ट्रेट में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में मंगलवार को बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जन सुनवाई के दौरान अनुनय झा ने एक-एक कर आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जन सुनवाई में कुल 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व, पुलिस, बिजली, विकास, नगर निकाय एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से जवाब तलब किया तथा कुछ शिकायतों का तत्काल समाधान भी कराया, जिससे फरियादियों ने राहत महसूस की।
जन सुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ता से संवाद बनाए रखें और निस्तारण की जानकारी भी उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और शिकायतों के निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही में जुटे दिखाई दिए।





