खागा सीओ दुर्गेश दीप की मौजूदगी में रेडियम स्टीकर लगाकर लोगों को किया गया जागरूक
फतेहपुर। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जन-जागरूकता अभियान के तहत “मेरा हेलमेट, मेरी सुरक्षा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नौबस्ता बायपास एवं मंझिलगांव पुलिस चौकी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में खागा पुलिस क्षेत्राधिकारी दुर्गेश दीप की उपस्थिति में लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पुलिस चौकी प्रभारी दिनेश सिंह भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में त्रिवेणी संगम हाईवेज प्राइवेट लिमिटेड के वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में भारत शीर्ष देशों में शामिल है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षा उपकरणों के उपयोग को अपनी आदत बनाने की अपील की। अभियान के दौरान चार पहिया वाहनों, ट्रैक्टरों और टैम्पो पर लाल रेडियम स्टीकर लगाए गए। साथ ही हेलमेट के पीछे भी रेडियम स्टीकर लगाए गए। बताया गया कि रात्रि के समय ये स्टीकर दूर से चमकते हैं, जिससे पीछे से आने वाले वाहन चालकों को वाहन स्पष्ट दिखाई देते हैं और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो जाती है।
फिरोज़ खान ने बताया कि सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए सड़क किनारे स्थित ग्राम पंचायतों, होटल-ढाबों तथा स्कूलों में बैनर और पोस्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि आमजन यातायात नियमों के प्रति जागरूक हो सकें। उन्होंने कहा कि यह जन-जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस अवसर पर पुलिस उपनिरीक्षक के.के. यादव सहित पुलिस स्टाफ एवं टोल कर्मचारी उपस्थित रहे।





