लगभग ₹101.85 लाख की लागत से निर्मित भवन पुलिस व्यवस्था एवं पुलिस कर्मियों की सुविधाओं को करेगा और सुदृढ़
आजमगढ़l आज पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र, आजमगढ़ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार द्वारा थाना कप्तानगंज में नवनिर्मित आदर्श आरक्षी बैरक एवं मिशन शक्ति केन्द्र का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही थाना कप्तानगंज क्षेत्रांतर्गत नवनिर्मित बड़सरा खालसा पुलिस चौकी का भी विधिवत उद्घाटन सम्पन्न कराया गया।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर, अंडर ट्रेनिंग आईपीएस श्री प्रेम सुख दरिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
उक्त भवनों का निर्माण उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम लिमिटेड द्वारा कराया गया है। परियोजना की स्वीकृत धनराशि लगभग ₹101.85 लाख है। भवन निर्माण कार्य आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कराया गया है, जिससे पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
भवन में कार्यालय, बैरक, शौचालय, किचन, मेस स्टोर, मालखाना, पुरुष/महिला हवालात, कम्प्यूटर कक्ष एवं शस्त्रागार सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं।
इस अवसर पर पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र, आजमगढ़ महोदय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पुलिस कर्मियों को बेहतर पुलिसिंग, आमजन से संवाद स्थापित करने तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
साथ ही अधिकारियों द्वारा नवनियुक्त आरक्षियों से वार्ता कर उन्हें अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशील पुलिसिंग एवं जनसहभागिता के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये तथा पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया।





