बिलग्राम /हरदोई। नगर पालिका परिषद बिलग्राम के अधिशासी अधिकारी बिलग्राम (ईओ) पर रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगने के बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायत पत्र के आधार पर ईओ के खिलाफ विभागीय जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
शिकायतकर्ता द्वारा भेजे गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदारों से भुगतान जारी करने के एवज में कथित तौर पर कमीशन और रिश्वत ली जाती रही है। शिकायत में दावा किया गया है कि 14 फरवरी 2026 को वायरल हुए एक वीडियो में भूसा आपूर्ति समेत अन्य कार्यों के भुगतान के बदले करीब डेढ़ लाख रुपये लेने की बात सामने आई थी। इसके अलावा पूर्व में भी कथित अवैध वसूली के आरोप वायरल वीडियो के माध्यम से सामने आने का उल्लेख किया गया है।
प्रार्थना पत्र में ईओ की पूर्व तैनाती स्थलों का जिक्र करते हुए भी कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि वर्ष 2022 में मैनपुरी जनपद की नगर पंचायत घिरोर में तैनाती के दौरान भी रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हुआ था। वहीं मेरठ की नगर पालिका सरधना और अलीगढ़ की नगर पंचायत जलाली में तैनाती के दौरान भी भ्रष्टाचार एवं धन मांगने के आरोप लगाए गए हैं।
मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस संबंध में पक्ष जानने के लिए हमारे संवाददाता द्वारा बिलग्राम ईओ को फोन किया गया, लेकिन उनकी ओर से कॉल रिसीव नहीं की गई। हालांकि, जिस वीडियो को आधार बनाकर आरोप लगाए जा रहे हैं, वह पुराना बताया जा रहा है और उसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। हमारा समाचार पत्र/चैनल वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।





