एडीओ पंचायत की अध्यक्षता में कार्यक्रम सम्पन्न, लोगों ने प्राकृति की गोद में बैठ कर चखा आम का स्वाद
बढ़नी सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड बढ़नी अन्तर्गत ग्राम पंचायत तौलिहवा में शुक्रवार को “गाँव की समस्या गाँव में समाधान” करने हेतु ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें ग्राम चौपाल कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीओ पंचायत राम विलास ने करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। चौपाल कार्यक्रम में मुख्य रूप से अटल पेंशन योजना, जन्मप्रमाण पत्र व मृत्यु प्रमाण पत्र,राशनकार्ड, बिजली बिल,वृद्धावस्था, विधवा पेंशन व दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास योजना, मनरेगा योजना, किसान सम्मान निधि, व्यक्तिगत शौचालय व युवाओं को रोजगार से जोड़ने आदि विविध योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस दौरान आयुष्मान कार्ड व परिवार कार्ड बनाये जाने पर जोर देते हुए शासन द्वारा चलायी जा रही गरीब कल्याण व अन्य लाभकारी योजनाओं के बारें में जानकारी देते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया है।
वहीं मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने सफाई कर्मी की शिकायत करते हुए सफाई कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया जिस पर एडीओ पंचायत ने सफाई कर्मी को फोन कर तत्काल मौके पर बुलाया, लेकिन फिर भी सफाई कर्मी मौके पर नहीं आया। जिससे साफ पता चलता है कि सफाई कर्मी की मनमानी हावी है। उक्त कार्यक्रम में आशा आंगनबाड़ी, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक आदि भी मौके पर उपस्थित नहीं रहे। जो इस बात का प्रमाण है कि पंचायत स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। और ऐसे कार्यक्रमों में जिम्मेदार अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा रुचि नही ली जा रही है। जबकि ऐसे कार्यक्रमों के लिए जिला स्तर से सूची जारी की जाती है। उक्त अवसर पर पंचायत सहायक राम विलास , पंचायत सचिव दिलीप कुमार यादव , ग्राम प्रधान झगरु,राजेश कुमार, कल्लू, चैतू, रिषिकेश, जुगुन, जगदीश निषाद, आदि लोग मौजूद रहे।





