बांसी सिद्धार्थनगर। शासन के निर्देशानुसार और आबकारी आयुक्त महोदय के आदेश पर चलाए जा रहे ‘विशेष प्रवर्तन अभियान’ के तहत आज जनपद सिद्धार्थनगर में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
संयुक्त आबकारी आयुक्त (गोरखपुर जोन), उपआबकारी आयुक्त (बस्ती प्रभार) एवं जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के कुशल निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीमों ने जनपद के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।आबकारी निरीक्षकों की संयुक्त टीम द्वारा जनपद के ओदनवाताल, मंझरिया, बंधवाताल, झुंगहवा एवं मिश्रौलिया आदि क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
इस दौरान कुल 65 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।तलाशी के दौरान मौके से लगभग 250 किलोग्राम महुआ लहन बरामद हुआ, जिसे टीम द्वारा तत्काल मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अवैध शराब को कब्जे में लेते हुए आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत 03 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
इस प्रवर्तन कार्रवाई में मुख्य रूप से आबकारी निरीक्षक अमरेंद्र सिंह, संजय पाण्डेय एवं रितिक वर्मा अपने हमराह स्टाफ के साथ शामिल रहे। जिला आबकारी प्रशासन द्वारा सख्त चेतावनी दी गई है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा और इस प्रकार का अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।





