हमीरपुर। आगामी 9 मई 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर जनपद की सभी तहसीलों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विशेष शिविर लगाए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार शिविरों के माध्यम से आमजन को योजनाओं का लाभ सरल और त्वरित रूप से उपलब्ध कराया जाएगा।
तहसील मुख्यालयों पर विभागीय कर्मचारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों सहित सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे। शिविरों में जनगणना-2027 स्व-गणना, आयुष्मान भारत आईडी, फैमिली आईडी तथा फार्मर आईडी से संबंधित कार्य किए जाएंगे।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए योजनाओं से जुड़े लंबित मामलों का मौके पर निस्तारण किया जाए। आमजन तक जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को केवल न्यायिक प्रक्रिया तक सीमित न रखते हुए जनसुविधाओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनाया जाए। सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने तथा शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिविरों की कार्यवाही और प्रगति रिपोर्ट 10 मई तक उपलब्ध कराने को कहा गया है।





