फिल्मों पर आजकल पैसा पानी की तरह बहाया जा रहा है। ऐसी ही एक फिल्म 2026 में रिलीज हुई, जिसका बजट 1400 करोड़ था, लेकिन यह सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म बन गई।
एक तरफ जहां इंडस्ट्री के बीच खिंची लकीरें धीरे-धीरे कम हो रही हैं और बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड की फिल्में ग्लोबली जा रही हैं, तो वहीं मेकर्स मूवीज बनाने में अंधाधुंध पैसा खर्च कर रहे हैं। फिर चाहे बात ‘रामायण’ की हो या फिर ‘वाराणसी’ की, इन फिल्मों पर मेकर्स ने करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए हैं।
सिर्फ इंडियन ही नहीं, बल्कि कोरियन और हॉलीवुड फिल्मों का स्केल भी काफी ज्यादा बढ़ चुका है। ऐसी ही एक फिल्म की घोषणा साल 2021 में हुई थी, जिसको मेकर्स ने 1400 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनाया था, लेकिन अब यह दुनिया की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म बन गई है। कौन सी है यह फिल्म? नीचे विस्तार से पढ़ें पूरी स्टोरी:
2026 में रिलीज हुई सिनेमा की सबसे बड़ी फ्लॉप
सऊदी मीडिया ग्रुप ‘एमबीसी फिल्म प्रोडक्शन कंपनी’ ने नवंबर 2021 में फिल्म ‘डेजर्ट वॉरियर’ (Desert Warrior) बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने सोचा था कि यह फिल्म सऊदी फिल्म इंडस्ट्री को एक अलग ही ऊंचाई पर लेकर जाएगी। ‘राइज ऑफ द प्लैनेट ऑफ द एप्स’ फेम डायरेक्टर रूपर्ट व्याट ने इस ऐतिहासिक एक्शन फिल्म के निर्देशन की कमान संभाली थी। सातवीं सदी के अरब में सेट, इस फिल्म की कहानी राजकुमारी हिन्द और सम्राट किसरा के बीच की लड़ाई पर केंद्रित है, जिसमें मशहूर योद्धा हंजला उनकी मदद करता है।
मार्वल के नए ‘कैप्टन अमेरिका’ उर्फ एंथनी मैकी (Anthony Mackie) ने फिल्म में हंजला का मुख्य किरदार अदा किया है। उनके साथ फिल्म में ऑस्कर विनर बेन किंग्सले (Ben Kingsley) भी नजर आए हैं।
1400 करोड़ के बजट वाली फिल्म की हुई सिर्फ इतनी कमाई
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म के लिए मेकर्स ने इंटरनेशनल क्रू को सऊदी अरब बुलाया था, ताकि वे लोकल लोगों को ट्रेनिंग दे सकें। नतीजा यह हुआ कि हर दिन सेट पर तकरीबन 400 से 500 लोग मौजूद रहते थे। इस फिल्म के लंबे समय तक चले प्रोडक्शन, हॉलीवुड से लेकर सऊदी के बड़े स्टार्स की भारी-भरकम फीस और पोस्ट-प्रोडक्शन के काम में मेकर्स ने 150 मिलियन डॉलर (यानी लगभग 1400 करोड़ रुपये) पानी की तरह बहा दिए। 2 साल तक चले पोस्ट-प्रोडक्शन के काम के बाद यह फिल्म 2025 में ज्यूरिख फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गई और 24 अप्रैल 2026 को इंटरनेशनली सिनेमाघरों में रिलीज हुई।
जब ‘डेजर्ट वॉरियर’ सिनेमाघरों में आई, तो मेकर्स की सारी उम्मीदों पर बुरी तरह पानी फिर गया। कमज़ोर मार्केटिंग और खराब रिव्यू की वजह से फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई। 1400 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 6 करोड़ रुपये (488K) ही कमा पाई।
बिग बजट के बाद भी क्यों फ्लॉप हुई फिल्म?
‘डेजर्ट वॉरियर’ में ऑस्कर विनर बेन किंग्सले और एंथनी मैकी जैसे बड़े हॉलीवुड स्टार्स को लेने के बावजूद फिल्म के न चलने की सबसे बड़ी वजह इसका ‘बज’ खत्म होना रहा। इस फिल्म को बनाने में मेकर्स ने इतना लंबा समय लगा दिया कि मूवी को लेकर दर्शकों का उत्साह पूरी तरह से खत्म हो गया।
इसके अलावा जब फिल्म रिलीज हुई, तो इसकी खराब एडिटिंग और कमजोर स्क्रिप्टिंग की जमकर आलोचना हुई, जिसके चलते यह सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी डिजास्टर फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई। 4 साल के लंबे इंतजार के बाद जब यह फिल्म 2026 में आई तो IMDb ने इसे सिर्फ 2.1 की रेटिंग दी।





