Tuesday, May 5, 2026
spot_img
HomeUttar PradeshAyodhyaरुदौली सीएचसी में 'जन औषधि केंद्र' का आगाज़, अब मरीजों को मिलेंगी...

रुदौली सीएचसी में ‘जन औषधि केंद्र’ का आगाज़, अब मरीजों को मिलेंगी सस्ती दवाएं

मुख्य अतिथि कमर रज़ा और अधीक्षक डॉ. फातिमा हसन ने फीता काटकर किया उद्घाटन

​रुदौली, अयोध्या (ताहिर रिजवी)।

रुदौली क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आम जनमानस को महंगे इलाज से निजात दिलाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में ‘प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के खुलने से अब गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को ब्रांडेड दवाओं के भारी-भरकम खर्च से राहत मिलेगी।

90 फीसदी तक सस्ती मिलेंगी दवाएं

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमर रज़ा की गरिमामयी उपस्थिति में सीएचसी अधीक्षक डॉ. फातिमा हसन ने फीता काटकर केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। डॉ. फातिमा हसन ने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अक्सर देखा जाता है कि दवाओं के ऊंचे दामों के कारण गरीब व्यक्ति अपना इलाज बीच में ही छोड़ देता है। जन औषधि केंद्र का उद्देश्य ऐसे ही परिवारों पर आर्थिक बोझ कम करना है।

यहाँ उपलब्ध जेनेरिक दवाएं ब्रांडेड दवाओं के मुकाबले 50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती और पूरी तरह प्रभावशाली हैं। केंद्र के संचालक राहुल दुबे एवं संदीप सिंह ने बताया कि जन औषधि केंद्र पर सभी आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं, एंटीबायोटिक्स, सर्जिकल आइटम और स्वास्थ्य संबंधी अन्य उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने सुनिश्चित किया कि दवाओं की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

उद्घाटन के अवसर पर अस्पताल का समस्त स्टाफ, चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी और क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि रुदौली क्षेत्र के लिए यह केंद्र किसी वरदान से कम नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार, इन केंद्रों पर मिलने वाली दवाओं की गुणवत्ता विश्व स्तरीय प्रयोगशालाओं में जांची जाती है, जिससे इनकी शुद्धता और प्रभाव पर कोई संदेह नहीं रहता।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular