डीएम अविनाश कुमार ने विभागवार जिम्मेदारियां तय कीं, अधिक से अधिक लोगों से स्वयं गणना कराने की अपील
अलीगढ़। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं आवास गणना को सफल बनाने के लिए जिले में 7 मई से 20 मई तक विशेष जनगणना जागरूकता एवं स्वगणना अभियान चलाया जाएगा। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने इस संबंध में विस्तृत आदेश जारी करते हुए सभी विभागों, संस्थानों और अधिकारियों को निर्धारित तिथियों पर अधिक से अधिक लोगों को पोर्टल के माध्यम से स्वयं गणना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जनगणना-2027 के पहले चरण में नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी गई है। इसका उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यापक बनाना है। उन्होंने कहा कि जिले में 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग वर्गों, संस्थानों और विभागों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए प्रत्येक दिन को अलग थीम के रूप में निर्धारित किया गया है।
यह रहेगा अभियान का कार्यक्रम:
7मई को राजस्व एवं प्रशासन दिवस पर समस्त विभागाध्यक्ष, राजस्व विभाग, कलेक्ट्रेट एवं जनप्रतिनिधियों को जोड़ा जाएगा। 8 मई स्थानीय सुशासन एवं ग्रामीण विकास दिवस पर नगर निगम, नगर निकाय, ग्राम पंचायतें, जिला पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलेगा। 9 मई यूथ एवं स्पोर्ट्स दिवस कम्युनिटी इंस्टीट्यूशन, मीडिया डे पर स्कूल, कॉलेज, एनएसएस, एनसीसी, खेल संस्थान और मीडिया संस्थानों को जोड़ा जाएगा। 10 मई को पद्म पुरस्कार विजेता एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन डे पर विशिष्ट व्यक्तियों, अवार्ड प्राप्त एवं समस्त रेसिडेंशियल वेलफेयर संस्थायें, 12 मई यूनिफॉर्म फोर्सेज डे पर पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, सिविल डिफेंस सहित सुरक्षा बलों को शामिल किया जाएगा।
इसी प्रकार 13 मई को केंद्रीय सरकारी कार्यालय एवं फाइनेंस डे पर बैंक, रेलवे, डाक विभाग और वित्तीय संस्थान भाग लेंगे। 14 मई शिक्षा दिवस पर विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, विद्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक व प्रशिक्षण संस्थानों में विशेष अभियान चलेगा। 15 मई को स्वास्थ्य दिवस पर सरकारी व निजी अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र और आयुष संस्थानों को जोड़ा जाएगा। 16 मई को उद्योग दिवस पर औद्योगिक इकाइयों, मंडियों, होटल, परिवहन एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। 17 मई महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस पर महिला समूहों और आंगनबाड़ी नेटवर्क के माध्यम से जागरूकता फैलाई जाएगी। 18 मई डिजिटल एक्सेस सपोर्ट डे पर कॉमन सर्विस सेंटरों के माध्यम से लोगों को सहायता दी जाएगी।
19 मई वर्क फ्रॉम होम डे पर सोशल मीडिया, यूट्यूब और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा। 20 मई प्राइड डे पर विशेष वर्गों और सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाएगा। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों, संस्थानों, विद्यालयों, कॉलेजों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और संगठनों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में पोर्टल के माध्यम से स्वयं गणना कर जनगणना अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।





