आजमगढ़ l जहानागंज थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की कार संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। पीड़ित फिरोज अहमद का आरोप है कि उनकी कार को पुलिसकर्मियों द्वारा ट्रैक्टर से खींचकर ले जाया गया, प्रार्थी फिरोज अहमद पुत्र स्व. जमील, निवासी ग्राम छाउ, थाना गम्भीरपुर ने बताया कि उन्होंने रिश्तेदारों से उधार लेकर अपनी स्विफ्ट डिजायर कार (UP 65 DH 2526) खरीदी थी, जो परिवार के इलाज और आने-जाने के काम में इस्तेमाल होती थी।
बताया गया कि 13 जनवरी 2026 को उनका बेटा आबिद कार लेकर गाजीपुर जा रहा था। रास्ते में जहानागंज क्षेत्र के वीरभद्रपुर गांव के पास कार अचानक गर्म हो गई, जिसके बाद उसने गाड़ी खड़ी कर दी और ठंडी होने का इंतजार करने लगा। काफी देर बाद भी जब कार स्टार्ट नहीं हुई तो वह मदद के आजमगढ़ मकैनिक लेने चला गया।अगले दिन जब वह मैकेनिक के साथ मौके पर पहुंचा, तो वहां कार गायब थी। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि पुलिसकर्मी ट्रैक्टर से कार को खींचकर चौकी चक्रपानपुर ले गए हैं। हालांकि जब पीड़ित ने चौकी चक्रपानपुर और थाना जहानागंज में जानकारी ली, तो पुलिस ने ऐसी किसी भी गाड़ी के आने से इनकार कर दिया।
पीड़ित का दावा है कि उसने रास्ते मे एक ट्रैक्टर कार को खींचकर ले जा रहा है और पीछे-पीछे दो पुलिसकर्मी भी नजर आ रहे हैं। ट्रैक्टर चालक ने भी बयान दिया कि उसके ट्रैक्टर से उक्त कार को दो पुलिसकर्मियों ने खिंचवाकर चक्रपानपुर पुलिस चौकी पर छोड़ा था। इसके बावजूद अब तक कार का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर मामले में मुकदमा दर्ज करने और कार बरामद कराने की मांग की है। साथ पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय करने की भी अपील की है। फिलहाल इस पूरे मामले ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पीड़ित परिवार डरा-सहमा हुआ है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।





