उत्तर प्रदेश में लू का प्रकोप बढ़ रहा है, बांदा और प्रयागराज देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राहत नहीं मिलने और कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई है।
लखनऊ। प्रदेश में लू का प्रभाव बढ़ रहा है। गुरुवार को अवध और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में लू चलने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। शुक्रवार को लू प्रभावित जिलों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी एवं आसपास के क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है।
सिंह ने बताया कि बुधवार को देश के सर्वाधिक गर्म शहरों में बांदा तीसरे स्थान (43.8 डिग्री सेल्सियस) पर रहा, जबकि चौथे स्थान पर प्रयागराज (43.7 डिग्री सेल्सियस) रहा। पहले नंबर पर ओडिशा का झारसुगुड़ा (44.6 डिग्री सेल्सियस) व दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र का वर्धा (44.2 डिग्री सेल्सियस) रहा। सुलतानपुर, वाराणसी और आगरा का तापमान भी 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। लखनऊ का तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़कर 41.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
यहां शुक्रवार को लू चलने की संभावना
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर आजमगढ़, मऊ, बलिया, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर एवं आस पास के क्षेत्रों में शुक्रवार को लू चलने की संभावना है।





