होटल स्टाफ एवं उपस्थित लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
महोबा। शशांक सिंह, पुलिस अधीक्षक महोबा के निर्देशन में अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत तथा ग्रीष्म ऋतु में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के दृष्टिगत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी महोबा महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में अग्निशमन टीम द्वारा जनपद महोबा के विभिन्न होटलों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान होटल स्टाफ एवं उपस्थित लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अग्निशमन यंत्रों के सही एवं प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के उपायों का प्रदर्शन कर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
अग्निशमन विभाग द्वारा यह संदेश दिया गया कि गर्मी के मौसम में छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, अतः सभी नागरिक सतर्क रहें एवं अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। महोबा पुलिस एवं अग्निशमन विभाग द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे जनपद में अग्नि सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाई जा सके।





