सहारनपुर। अग्नि सुरक्षा को लेकर चलाये जा रहे फायर सेफ्टी वीक के अंतर्गत अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने जनजागरूकता रैली निकाली और अग्नि से बचाव के टिप्स देते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई में हुए भीषण अग्निकांड में 60 से 70 जवानों के शहीद होने की स्मृति में यह सप्ताह मनाया जाता है। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता को आग से बचाव के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि हाल ही में जनपद में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते विभाग काफी व्यस्त रहा, जिसके कारण आज जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस रैली में फायर विभाग की टीम ने अपने वाहनों के साथ शहर में भ्रमण कर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी के चलते आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। खासकर गेहूं की फसल कटाई के दौरान आग लगने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। फायर सेफ्टी वीक के तहत विभाग द्वारा स्कूलों, फैक्ट्रियों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही विभिन्न कॉलोनियों में मॉक ड्रिल आयोजित कर लोगों को आपात स्थिति में बचाव के उपाय सिखाए जाएंगे। उन्होंने ने अपील की कि लोग सतर्क रहें और आग से संबंधित किसी भी घटना की सूचना तुरंत फायर विभाग को दें।





