दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के 18वें मुकाबले में आज चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर नहीं पहुंचे।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के 18वें मुकाबले में आज चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर नहीं पहुंचे। मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड एमए चिदम्बरम स्टेडियम में खेला जा रहा है।
ऐसे में फैंस को उम्मीद थी कि उन्हें माही के झलक देखने को मिलेगी। धोनी पिंडली की चोट से जूझ रहे हैं और इस सीजन कोई भी मैच नहीं खेले हैं। टॉस के दौरान चेन्नई के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने धोनी की चोट पर अपडेट दिया। साथ ही बताया कि उनकी मैदान पर कब वापसी हो रही है।
चेन्नई को पहली जीत की तलाश
टॉस हारने के बाद रुतुराज गायकवाड़ ने कहा, “पिच थोड़ी सूखी लग रही है। टॉस को लेकर हम असमंजस में थे। हमारा टारगेट आज अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना, पहली जीत हासिल करना और अंक तालिका में जगह बनाना है। पिछले कुछ मैचों में भी हम यही कोशिश कर रहे हैं। जैसा कि मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, हम हर विभाग में सुधार कर रहे हैं। बल्लेबाजी बहुत अच्छी चल रही है, बस कुछ अहम मौकों पर हम चूक गए हैं और हमें उन्हीं क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है।”
ब्रेविस की वापसी हुई
गायकवाड़ ने कहा, “सभी खिलाड़ी अच्छे मूड में हैं और खेलने के लिए उत्सुक हैं। टीम के संतुलन को देखें तो हम अपनी पूरी क्षमता से खेल रहे हैं। ब्रेविस की वापसी से हमें बहुत खुशी है, वह उत्साहित और तैयार हैं। मिडिल ऑर्डर भी मजबूत दिख रहा है। हमने मैट हेनरी की जगह गुरजपनीत सिंह को भी टीम में शामिल किया है। वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।”
वह होटल से सपोर्ट कर रहे
रुतुराज गायवाड़ से जब धोनी की के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “एमएस धोनी के बारे में पूछने वालों के लिए बता दूं कि वह होटल में बैठकर हमारा मैच देख रहे हैं और हमारा समर्थन कर रहे हैं। लेकिन हां, बहुत जल्द आप उसे मैदान पर खेलते हुए देखेंगे।” दिल्ली के खिलाफ मैच से पहले धोनी ने नेट्स में जमकर पसीना बहाया था। ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि शनिवार को धोनी मैदान में उतर सकते हैं।





