फतेहपुर। जिला बार एसोसिएशन फतेहपुर के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विजय कुमार सिंह एवं महामंत्री पद के प्रत्याशी अनुराग नारायण ने कलेक्ट्रेट व दीवानी परिषद में अधिवक्ताओं से मिलकर व्यापक जनसंपर्क किया और अपने पक्ष में समर्थन मांगा। जनसंपर्क के दौरान दोनों प्रत्याशियों ने अधिवक्ताओं के हित में कई महत्वपूर्ण वादे किए। उन्होंने कहा कि सिविल व कलेक्ट्रेट परिसर में महिला एवं दिव्यांग अधिवक्ताओं के लिए विशेष शौचालय, स्वच्छ पेयजल और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। साथ ही, सभी कल्याणकारी योजनाओं में 50 प्रतिशत महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने न्यायपालिका के कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने, अधिवक्ताओं की मृत्यु पर परिजनों को ₹50,000 की तत्काल सहायता, तथा बीमारी की स्थिति में ₹10,000 से ₹25,000 तक आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही। इसके अलावा, सामूहिक बीमा योजना के माध्यम से मृत्यु पर एक लाख रुपये दिलाने की प्राथमिकता भी बताई।
युवा अधिवक्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए कानूनी पुस्तकों की खरीद हेतु ₹1,000 प्रतिमाह सहायता देने और पुस्तकालय में बैठने की समुचित व्यवस्था कराने का वादा किया गया। वहीं 70 वर्ष से अधिक आयु के अधिवक्ताओं के लिए भी ₹1,000 प्रतिमाह की सहायता प्रस्तावित की गई। प्रत्याशियों ने कहा कि बार एसोसिएशन की आय-व्यय का पूरा विवरण हर माह नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए फिक्स डिपॉजिट के माध्यम से कोष स्थापित कर योजनाओं को संचालित किया जाएगा।
उन्होंने जाति, धर्म और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी अधिवक्ताओं के साथ समान व्यवहार करने की प्रतिबद्धता जताई। विजय कुमार सिंह ने अपने पूर्व महामंत्री कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में अधिवक्ताओं को दो माह तक राशन किट वितरित की गई, मृतक अधिवक्ताओं के आश्रितों को ₹50,000 की सहायता और विधवाओं को ₹1,000 प्रतिमाह पेंशन दी गई। इसके अलावा, कलेक्ट्रेट व सिविल कोर्ट परिसर में सड़क, चबूतरा, टीन शेड, फर्श, प्रकाश और पंखों की व्यवस्था जैसे कई विकास कार्य कराए गए। इस अवसर पर आदर्श अधिवक्ता संगठन के समस्त पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। प्रत्याशियों ने सभी अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अपना अमूल्य मत देकर उन्हें और उनकी टीम को विजयी बनाएं।





