उरई (जालौन)।जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने छौक स्थित गौशाला का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने गौवंश की देखभाल, चारा-पानी की उपलब्धता एवं साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने कहा कि एक अतिरिक्त टीन शेड बनाया जाए, गौशालाओं का सुचारू संचालन प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और यहां रह रहे पशुओं की समुचित देखभाल सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि पशुओं को नियमित रूप से हरा चारा, स्वच्छ पेयजल एवं समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती रहे। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए गौशाला में छायादार व्यवस्था, पानी की उपलब्धता एवं साफ-सफाई को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि गौवंश को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने गौशाला प्रबंधन को प्रेरित करते हुए कहा कि व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाकर एक आदर्श गौशाला के रूप में विकसित किया जाए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करते रहें और जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि, केयरटेकर आदि मौजूद रहे।





