स्क्रीन अवॉर्ड्स में राजपाल यादव पर 9 करोड़ के चेक बाउंस केस को लेकर मारे गए तंज से सोशल मीडिया यूजर्स काफी खफा थे। सलमान खान से मिले सपोर्ट के बाद अब इस पर राजपाल ने रिएक्ट किया है।
बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव (Rajpal Yadav) इन दिनों लगातार विवादों में घिरे हुए हैं। वह एक विवाद से निकलते हैं और दूसरे में फंस जाते हैं। बीते दिनों हुए ‘ स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026’ में होस्ट ने भरी महफिल में राजपाल यादव के 9 करोड़ रुपये के ‘चेक बाउंस केस’ को लेकर तंज कसा था। अब इस पूरे विवाद पर खुद राजपाल यादव का रिएक्शन सामने आ गया है।
फैंस के भड़कने पर राजपाल यादव ने दी सफाई
पिछले दिनों अवॉर्ड शो में होस्ट ने राजपाल यादव की बेइज्जती की थी, जिससे फैंस खफा हो गए थे। मामले को बढ़ता देख राजपाल यादव ने वीडियो जारी कर कहा,
“नमस्कार दोस्तों… पिछले दिनों स्क्रीन अवॉर्ड्स में जाने का मौका मिला। वहां पूरी फिल्म इंडस्ट्री से मिलने का मौका मिला, खूब नाच-गाना और स्किट्स का दौर चला… काफी बढ़िया माहौल था। मेरी, जाकिर और होस्ट की देश, दुनिया, इकोनॉमी, युद्ध… सबकुछ ऊपर-नीचे चल रहा है, इसमें पिसना ‘कॉमन मैन’ को ही पड़ता है,इस बारे में बाते हुईं। हमने चेक बाउंसिंग, युद्ध और इकोनॉमी जैसी सभी चीजों को मिलाकर एक जनरल स्किट (सीन) बनाने का प्रयास किया था।”
उन्होंने आगे कहा, “जैसा कि फिल्मों में भी होता है कि हम एक अच्छा सीन डिजाइन करते हैं, लेकिन कई बार उसका सही मतलब ऑडियंस तक नहीं पहुंच पाता है। ये सिनेमा है… वे दोनों मेरे छोटे भाई जैसे हैं, उन्होंने हमेशा मुझे सम्मान दिया है। हम सब एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। उन्होंने तो मेरे सम्मान में पूरे ऑडिटोरियम को खड़े होकर तालियां बजाने के लिए कहा… उसके लिए धन्यवाद। प्लीज व्यर्थ में उनकी निंदा करके उनका दिल मत दुखाइए। उनका दिल दुखाना यानी मेरा दिल दुखाना है… इसलिए ऐसा मत कीजिए। मैं आप सबसे बहुत प्यार करता हूं।”
राजपाल यादव के इस बयान से यह बात पूरी तरह से क्लियर है कि होस्ट ने राजपाल यादव पर जो स्किट तैयार किया था, वह राजपाल यादव की नॉलेज में पहले से ही था।
क्या था यह पूरा मामला?
जिन्हें नहीं पता उन्हें बता दें कि, बीते दिनों मुंबई में स्क्रीन अवॉर्ड 2026 का आयोजन किया गया था, जहां होस्ट ने मजाकिया अंदाज में राजपाल यादव को कहा था, “भाई डॉलर कितना भी ऊपर नीचे हो..आपको उतने ही पैसे लौटाने हैं, जितने उधार हैं।” 30 सालों से फिल्म इंडस्ट्री में अपनी शानदार कॉमेडी के बलबूते पर सभी का मनोरंजन करने वाले राजपाल यादव की सरेआम बेइज्जती उनके चाहने वालों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं हुई। फैंस ने सोशल मीडिया पर अवॉर्ड शो के होस्ट को जमकर खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी थी।





