प्रवक्ताओं ने एआई साइबर सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी देकर छात्र छात्राओं को जागरूक किया, साइबर हेल्पलाइन नंबर आदि से भी कराया रूबरू
महोबा। साईं कालेज आफ एजुकेशन डिग्री कालेज सभागार में गुरूवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर सुरक्षा पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रवक्ताओं ने एआई साइबर सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी देकर छात्र छात्राओं को जागरूक किया साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर आदि से भी रूबरू कराया गया। प्राचार्य डॉ. एलसी अनुरागी व प्रशासनिक अधिकारी बीके साहू ने संयुक्त रुप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलित और फूलमाला अर्पित कर कार्यक्रम की शुरूआत कराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि साइबर सुरक्षा में एआई महत्वपूर्ण है क्योंकि यह साइबर खतरों के खिलाफ अपनी सुरक्षा में अधिक सक्रिय, कुशल और अनुकूलनीय होने के लिए सशक्त बनाता है। एआई अब तेज़ी से डिजिटल प्रणालियों का हिस्सा बनता जा रहा है, जिससे व्यक्ति और संस्थानों में प्रौद्योगिकी के उपयोग का तरीका बदल गया है। वर्तमान समय में शिक्षा, संचार, शासन, डेटा प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) और सामग्री निर्माण जैसे क्षेत्रों में एआई का व्यापक रूप से उपयोग हो रहा है, इसके साथ कुछ नई साइबर सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी सामने आती हैं।
इसलिए एआई, साइबर का सही और सुरक्षित उपयोग करने के लिए जागरूकता और जिम्मेदारी बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तकनीकी के बढ़ते उपयोग की आवश्यकता के साथ सही जानकारी के अभाव में साइबर क्राइम की आशंका बढ़ती जाती है, इसलिए जागरूकता के साथ तकनीक का उपयोग करने पर जोर दिया। प्रवक्ता आशीष चौरसिया ने कहा कि साइबर अपराध समय के साथ बढ़ रहा है, जिसका मुख्य कारण उपकरणों की बढ़ती संख्या, सोशल मीडिया का उपयोग, क्लाउड स्टोरेज, डिजिटल डाउनलोड और मोबाइल एवं आनलाइन भुगतान हैं।
उपभोक्ताओं का व्यक्तिगत और वित्तीय डेटा हर जगह मौजूद है और हैकर्स इसे हासिल करने में अधिक कुशल होते जा रहे हैं। डॉ. मैराज खान ने एआई साइबर सुरक्षा के बावत साइबर अपराधों से कैसे स्वयं व समाज को बचाया जा सकता है, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 आदि की जानकारी देकर छात्र छात्राओं को जागरूक किया। इस मौके पर प्रवीण वाजपेयी, प्रदीप सिंह, आदर्श कुमार, डॉ. रविंद्र कुमार, शहनवाज खान, रामशरण कुशवाहा, भावना साहू, अंजना श्रोतीय सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक व स्टाफ मौजूद रहा।





