रणबीर कपूर ने हाल ही में बताया कि ‘राहा’ के उनकी जिंदगी में आने के बाद वह एक बड़ी गलती करने से बच गए हैं। जो फिल्म उन्हें बॉक्स ऑफिस का धुरंधर बना सकती हैं, वह उसका ऑफर ठुकराने वाले थे।
रणबीर कपूर को पहली बार पर्दे पर ‘श्रीराम’ के किरदार में देखने के लिए फैंस काफी समय से बेचैन हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म से रणबीर के कई लुक लीक हुए थे, जिसने उनके चाहने वालों की उत्सुकता को दोगुना कर दिया था।
हालांकि, आपको यह जानकर हैरानी होगी कि शुरुआत में रणबीर कपूर ने ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार रिजेक्ट कर दिया था, लेकिन बेटी राहा के जन्म ने उनके इस फैसले को बदल कर रख दिया। यह कैसे हुआ? नीचे पढ़ें पूरी डिटेल्स:
‘श्रीराम’ बनने से घबरा रहे थे रणबीर कपूर
रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ की बीते दिनों लॉस एंजेलिस में स्क्रीनिंग हुई थी, जहां इस माइथोलॉजिकल फिल्म का एक छोटा सा टीजर फैंस को दिखाया गया। टीजर देखकर ऑडियंस ने रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की खूब तारीफ की। लॉस एंजेलिस में फिल्म की पहली झलक दिखाने के बाद पूरी टीम ‘रामायण’ के प्रमोशन के लिए न्यूयॉर्क पहुंची, जहां उन्होंने एक इवेंट किया।
इसी इवेंट में बातचीत के दौरान रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) ने बताया कि उन्होंने शुरुआत में ‘रामायण’ का ऑफर ठुकरा दिया था। एक्टर ने कहा,
“मुझे याद है निर्माता नमित मल्होत्रा ने 4 साल पहले मुझे इस पार्ट का ऑफर दिया था और मैंने तुरंत इसके लिए मना कर दिया था। मैंने बोला था कि मैं इसके लिए फिट नहीं हूं, इस रोल के लिए सही नहीं हूं और मुझे नहीं लगता कि मैं इसके साथ पूरा न्याय कर पाऊंगा।”
राहा ने कैसे बदला पापा रणबीर कपूर का माइंड?
रणबीर ने बताया कि जब उनके पास ‘रामायण’ का ऑफर दोबारा आया, उसी दौरान उन्हें पिता बनने की खुशी मिली। अभिनेता ने कहा, “मेरा जो डर था, वह ग्रेटिट्यूड (आभार) में बदल गया, क्योंकि इस तरह के अवसर की मेरी जिंदगी में बहुत ज्यादा जरूरत थी। मैं अपनी जिंदगी के एक ऐसे पड़ाव पर आ गया था, जहां मुझे अपनी लाइफ और जीने के तरीके को बदलना जरूरी था। मैं पहली बार पिता बना था। मुझे लगता है कि भगवान राम की भूमिका निभाना और पिता बनना मेरे जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ।”
2022 में शादी के बंधन में बंधे थे रणबीर-आलिया
आपको बता दें कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर साल 2022 में शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों ने अभिनेता के बांद्रा स्थित घर ‘वास्तु’ में ही फैमिली और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की थी। बेटी राहा का जन्म उसी साल नवंबर में हुआ था।





