Shubman Gill After Defeat Vs PBKS: गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने पंजाब किंग्स के हाथों मिली 3 विकेट से हार के बाद माना कि उनकी टीम आखिरी ओवरों में चूक गई और कूपर कोनोली की 72 रनों की शानदार पारी ने पंजाब को ये जीत मिली।
IPL 2026 के अपने ओपनिंग मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) के हाथों 3 विकेट से मिली हार के बाद गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल काफी निराश नजर आए। 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने कूपर कोनोली की नाबाद 72 रनों की पारी की बदौलत 3 विकेट से ये मैच अपने नाम किया। मैच के बाद गिल ने हार का ठीकरा बल्लेबाजों और गेंदबाजों पर ही फोड़ा।
उनका मानना है कि गेंदबाजी करते हुए शुरुआती 5 ओवर में बेहतर गेंदबाजी नहीं की गई, जिसके कारण टीम पीछे हो गई। उन्होंने ये भी कहा कि बैटिंग करते हुए आखिरी के 4 ओवर का उनकी टीम फायदा नहीं उठा सकी।
Shubman Gill ने हार का किसे ठहराया जिम्मेदार?
दरअसल, पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए गुजरात टाइटंस की टीम निर्धारित 20 ओवर में 162 रन ही बना सकी। जोस बटलर, साई सुदर्शन और ग्लेन फिलिप्स जैसे शानदार बैटर्स पिच का फायदा नहीं उठा सके और पंजाब किंग्स ने ये मैच 3 विकेट से जीत लिया।
मैच में मिली हार के बाद कप्तान गिल (Shubman Gill admits slow finish reason for GT Defeat to PBKS) ने ये स्वीकार किया कि इस विकेट पर 210-220 का स्कोर बनाया जा सकता था। दूसरी ओर पंजाब किंग्स के कूपर कोनोली, जो आईपीएल में अपना पहला मैच खेलने उतरे थे, उन्होंने इसी पिच पर 72 रन की नाबाद पारी खेली।
तीन विकेट से मिली हार के बाद गिल ने कहा,
“ये 210-220 वाली विकेट लग रही थी। हमने सोचा था कि 175 एक अच्छा स्कोर होगा, लेकिन हम लगातार विकेट खोते रहे और आखिरी पांच ओवरों में ज्यादा रन नहीं बना सके। एक बार जब गेंद पुरानी हो गई, तो इसे सीधा मारना मुश्किल हो गया था।
-शुभमन गिल
गिल ने यह भी कहा,
“बाद में बल्लेबाजी करना आसान हो गया था, क्योंकि बूंदाबांदी शुरू होने और गेंद के गीली होने से घरेलू टीम को मदद मिली। उन्होंने बताया कि दूसरी पारी में बारिश जारी रही, जिससे गेंद गीली हो गई और बल्लेबाजी की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ। इसलिए मुझे नहीं लगता कि दूसरी पारी में गेंद उतनी आ रही थी। फिर भी, मुझे लगता है कि हमने ठीक-ठाक काम किया… सब ‘अगर-मगर’ की बातें हैं। किस्मत ने साथ नहीं दिया और यह हमारे लिए अच्छा दिन नहीं था, लेकिन मुझे लगता है कि हमने काफी बेहतर प्रदर्शन किया। अब बस हमें और बेहतर होना है। हमें अपना सर्वश्रेष्ठ देना जारी रखना है।
-गिल
प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक शर्मा पर क्या बोले कप्तान?
प्रसिद्ध कृष्णा को गेंदबाजी आक्रमण में देर से लाने के फैसले पर गिल ने अपना बचाव किया। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध को सही समय पर लाया गया था और उन्होंने विकेट लेकर टीम को 18वें ओवर तक मैच में बनाए रखा। गिल के मुताबिक, पिच की धीमी गति को देखते हुए उन्हें लगा कि एक तेज गेंदबाज विकेट दिला सकता है।
वहीं, युवा गेंदबाज अशोक शर्मा की तारीफ करते हुए गिल ने उन्हें टीम के लिए एक शानदार खोज बताया। गिल ने कहा कि अशोक अपने खेल पर काफी मेहनत करते हैं। उन्होंने शुरुआत में अच्छी गेंदबाजी की। जैसे-जैसे उन्हें अनुभव मिलेगा, वह हमारे लिए बहुत कीमती साबित होंगे।





