बजारो और चौराहे पर चेकिंग तेज
लोटन सिद्धार्थनगर। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत हरिवंशपुर चौकी अंतर्गत ठोठरी बाजार में दुकानों पर जाकर जानलेवा चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। रविवार को थानाध्यक्ष लोटन दिनेश कुमार सरोज ने हमराहियों के साथ क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर सघन चेकिंग व जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि प्रतिबंधित नायलॉन या कांच युक्त मांझा (चाइनीज मांझा) बेचते हुए कोई पाया गया, तो उसके विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सरोज ने आम जनमानस को संबोधित करते हुए कहा कि यह मांझा केवल धागा नहीं बल्कि जानलेवा हथियार बन चुका है।
आए दिन राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के गले कटने की खबरें आती हैं, वहीं आसमान में उड़ने वाले बेजुबान पक्षी भी इसका शिकार होकर दम तोड़ रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अपने अपने बच्चों को पतंगबाजी के लिए केवल सूती धागे ही उपलब्ध कराएं। दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिबंधित मांझे का स्टॉक न रखें, अन्यथा विधिक कार्रवाई के साथ-साथ दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की जा सकती है। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों से भी सहयोग की अपील की।





