यूपीएमएसपी ने उत्तर प्रदेश के सभी विद्यालयों को 25 मार्च तक इंटरनल असेसमेंट के मार्क्स अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। सभी विद्यालय 25 मार्च से पहले यह प्रक्रिया अवश्य पूरी कर लें, अन्यथा इसके बाद दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (UPMSP) की ओर से उत्तर प्रदेश के कई विद्यालयों को इंटरनल असेसमेंट मार्क्स अपलोड करने से संबंधित निर्देश जारी किए हैं। बता दें, यूपी बोर्ड की ओर से कक्षा 12वीं की परीक्षा 18 फरवरी से लेकर 12 मार्च, 2026 के बीच परीक्षा आयोजित कराई गई थी। परीक्षा के बाद अब कॉपियों की जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसे में बोर्ड ने विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे 25 मार्च, 2026 तक इंटरनल असेसमेंट के मार्क्स अवश्य अपलोड कर दें।
6294 विद्यालयों को निर्देश
माध्यमिक शिक्षा परिषद् उत्तर प्रदेश (UPMSP) ने उत्तर प्रदेश के कुल 6294 विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि जिन्होंने अभी तक हाई स्कूल के आंतरिक मूल्यांकन अंक और कक्षा 12वीं के लिए नैतिक शिक्षा, योग, खेल और शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड नहीं किए हैं। उन सभी विद्यालयों को बोर्ड की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक 25 मार्च, 2026 तक ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से इस प्रक्रिया को पूरा करना अनिवार्य है।
अंतिम तिथि के बाद नहीं मिलेगा मौका
उत्तर प्रदेश बोर्ड की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि विद्यालय तय समय-सीमा के भीतर ऑफिशियल वेबसाइट पर अंक अपलोड नहीं करेंगे, तो इससे परीक्षार्थी का परीक्षा परिणाम प्रभावित होगा और इसके लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य स्वयं उत्तरदायी होंगे।





