मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के मोहल्ला इलाही तालाब निवासी तथा रहमानिया इंटर कॉलेज के पूर्व अंग्रेजी प्रवक्ता मास्टर नजमुद्दीन का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए नगर के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
मास्टर नजमुद्दीन ने लगभग पांच दशकों तक विद्यार्थियों को अंग्रेजी विषय की शिक्षा दी। बेहद कम फीस और सादगीपूर्ण जीवन के साथ उन्होंने अंतिम समय तक विद्यार्थियों को पढ़ाने का सिलसिला जारी रखा। उनके पढ़ाए हुए छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं और अपने गुरु को सम्मान के साथ याद कर रहे हैं।
छात्रों के बीच उनका मशहूर जुमला “All are taught by me” अक्सर सुनने को मिलता था, जो उनकी शिक्षण शैली और आत्मविश्वास को दर्शाता था। उनके निधन से मौदहा ने शिक्षा जगत की एक प्रतिष्ठित और समर्पित शख्सियत को खो दिया है।
मंगलवार की रात करीब 9 बजे उन्हें नम आंखों के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम विदाई देने के लिए नगर के गणमान्य लोग, उनके पूर्व छात्र और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे और सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।





